मुख्यमंत्री स्कूटी योजना में 12वीं टॉपर को 1.20 लाख तक लाभ

मुख्यमंत्री स्कूटी योजना में 12वीं टॉपर को 1.20 लाख तक लाभ

अगर आप कक्षा 12वीं के विद्यार्थी हैं और बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं, तो यह योजना आपके लिए खास है। मध्यप्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत 12 वीं में अपने स्कूल के टॉपर छात्र-छात्राओं को बतौर इनाम दोपहिया वाहन दिया जाता है। पहले यह योजना सिर्फ लड़कियों के लिए लागू थी, लेकिन अब इसे लड़के और लड़कियों दोनों के लिए लागू कर दिया गया है।

योजना का लाभ पाने के लिए विद्यार्थी का कक्षा 12वीं में अपने स्कूल का टॉपर होना जरूरी है। टॉपर बनने के बाद उसे आगे की पढ़ाई के लिए कॉलेज में दाखिला लेना अनिवार्य है। आवेदक मध्यप्रदेश का मूल निवासी होना चाहिए। शिक्षा विभाग बोर्ड परीक्षा परिणाम के आधार पर मेरिट सूची तैयार करता है इसके बाद जिला स्तर पर पात्रता का सत्यापन किया जाता है और अंतिम सूची राज्य शासन को भेजी जाती है।

योजना के तहत टॉपर छात्र- छात्राओं को पेट्रोल स्कूटी या ई-स्कूटर में से किसी एक को चुनने का विकल्प दिया जाता है। पेट्रोल स्कूटी के लिए 90 हजार रुपए और ई-स्कूटी के लिए 1.20 लाख रुपए की राशि दी जाती है। वाहन पंजीयन, बीमा और हेलमेट की राशि भी सरकार वहन करती है। यदि विद्यार्थी अधिक कीमत का वाहन खरीदना चाहता है, तो सरकारी राशि से अधिक की रकम वह स्वयं भुगतान कर सकता है।

योजना में टॉपर छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री सम्मानित करते हैं। राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे छात्र के बैंक खाते में जमा कराई जाती है, जिससे वह पसंद का वाहन खरीद सके। स्कूल शिक्षा विभाग योजना का संचालन करता है। जिला शिक्षा अधिकारी इस योजना के नोडल ऑफिसर होते हैं। वे सभी सरकारी स्कूलों में टॉपर की सूची तैयार कर राज्य शासन को भेजते हैं। पात्रता सत्यापन के बाद राशि जारी की जाती है।
■■■■

You may also like...