9वीं – 11वीं भी बोर्ड की तर्ज पर; साल में दो बार परीक्षा
सरकारी स्कूलों की 9वीं व 11वीं की परीक्षाएं अब 10वीं-12वीं के बोर्ड पैटर्न पर होंगी। लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) ने इन कक्षाओं की वार्षिक परीक्षा वर्ष में दो बार कराने का फैसला लिया है और पूरक परीक्षा का प्रावधान समाप्त कर दिया है। इससे किसी विषय में अनुत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थी सीधे दूसरी परीक्षा में शामिल होकर उसी सत्र में अगली कक्षा में प्रवेश ले सकेंगे और उनका साल खराब नहीं होगा। बता दें कि पिछले साल हाई स्कूल और हायर सेकेंड्री में पूरक परीक्षा समाप्त कर फेल विषयों की दोबारा परीक्षा की व्यवस्था लागू की जा चुकी है। इस सत्र की पहली वार्षिक परीक्षा 23 फरवरी से 17 मार्च तक आयोजित होगी।
थानों में रहेंगे पेपर
9वीं और 11वीं भले ही होम एग्जाम हों लेकिन तैयारी बोर्ड जैसी पुख्ता है। इसके पेपर पुलिस थानों में सुरक्षित रखे जाएंगे। परीक्षा के दिन ही केंद्रों पर भेजे जाएंगे। परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र भी ऑनलाइन जारी होंगे। प्रोविजनल प्रवेश भी फेल ही नहीं, पास विद्यार्थी भी दे सकेंगे दूसरी परीक्षा पहली परीक्षा में अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों को दूसरा मौका मिलेगा। साथ ही कम अंकों से असंतुष्ट छात्र-छात्राएं अंक सुधार के लिए भी दूसरी परीक्षा दे सकेंगे। सफल होने पर विद्यार्थियों को उसी सत्र में अगली कक्षा में पदोन्नति दी जाएगी। परिणाम अप्रैल अंत तक आने की संभावना है। इसके बाद जून या जुलाई में दूसरी परीक्षा कराई जा सकती है। तब तक विद्यार्थियों को 10वीं और 12वीं में प्रोविजनल प्रवेश दिया जाएगा, ताकि अगस्त से नियमित पढ़ाई प्रभावित न हो।