MPPSC : राज्य सेवा मेंस-2025 व 26 के रिजल्ट में देरी से उलझे 8 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी, इंटरव्यू की तैयारी करें या प्रारंभिक परीक्षा की…!
by
Exam Guider
·
November 26, 2026
MPPSC : राज्य सेवा मेंस-2025 व 26 के रिजल्ट में देरी से उलझे 8 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी, इंटरव्यू की तैयारी करें या प्रारंभिक परीक्षा की
कई अभ्यर्थियों ने दोनों मुख्य परीक्षा दी, लेकिन डर यही कि इंटरव्यू के लिए चयनित नहीं हो पाए तो क्या होगा
मध्यप्रदेश लोकसेवा आयोग की राज्य सेवा परीक्षा-2025 और 2026 की मुख्य परीक्षा देने वाले 8 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी रिजल्ट में देरी के कारण उलझ गए हैं। दोनों परीक्षाओं के परिणाम अटके होने से उनके सामने बड़ा संकट यह है कि वे 24 जनवरी को होने वाली राज्य सेवा परीक्षा-2027 की तैयारी करें या इन दोनों अथवा इनमें से एक परीक्षा के इंटरव्यू की तैयारी में जुटें।
कई अभ्यर्थी ऐसे हैं, जिन्होंने राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 के साथ 2026 की मेंस भी दी है, लेकिन दोनों परीक्षाओं के रिजल्ट अटके हुए हैं। ओबीसी आरक्षण विवाद से जुड़ा मामला सुप्रीम कोर्ट में पहुंचने के कारण रिजल्ट कब घोषित होंगे, इस पर सस्पेंस बना हुआ है। हालांकि, हाई कोर्ट ने अतिरिक्त ओबीसी आरक्षण खारिज करते हुए तीन महीने की समय-सीमा दी थी, जो 9 जनवरी को खत्म होगी। ऐसे में रिजल्ट 9 जनवरी से पहले घोषित होने की संभावना जताई जा रही है।
अभ्यर्थियों के सामने परेशानी यह है कि राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2027 की तैयारी करें या रिजल्ट का इंतजार करें? ज्यादातर के मन में सवाल है कि अगर उनका मुख्य परीक्षा के रिजल्ट के बाद इंटरव्यू के लिए चयन नहीं हुआ तो क्या होगा? तब तक 2027 की परीक्षा भी नजदीक आ जाएगी। आमतौर पर हर साल प्री परीक्षा फरवरी से अप्रैल के बीच होती है, लेकिन इस बार विशेष राज्य सेवा परीक्षा भी होना है, इसलिए प्रारंभिक परीक्षा जनवरी में ही हो रही है।
2025 की परीक्षा में 4694 तो 2026 की मेंस में 3775 अभ्यर्थी
राज्य सेवा परीक्षा-2025 की मुख्य परीक्षा पिछले साल यानी 2025 में ही होना थी। इसके लिए 9 से 14 जून की तारीख तय की गई थी, लेकिन परीक्षा निरस्त हो गई। करीब सवा साल के इंतजार के बाद 8 से 13 अगस्त 2026 तक यह परीक्षा हुई। ओबीसी आरक्षण का मामला कोर्ट में होने के कारण इसका रिजल्ट अटका हुआ है। 2025 की मुख्य परीक्षा में 4694 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। वहीं, राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2026 समय पर हुई, लेकिन इसका रिजल्ट भी अटका है। इसमें 3775 अभ्यर्थी शामिल हुए। इनमें 200 से ज्यादा ऐसे हैं, जो दोनों परीक्षाओं में शामिल हुए हैं। दोनों परीक्षाओं में मिलाकर कुल 8400 से ज्यादा अभ्यर्थी हैं।
अभ्यर्थी बोले – दोनों रिजल्ट जल्दी जारी होंगे तभी पता चल सकेगा
अभ्यर्थियों का कहना है कि दोनों रिजल्ट जल्दी जारी होंगे, तभी पता चल सकेगा कि किसका चयन इंटरव्यू के लिए हुआ है। पदों की तुलना में तीन गुना अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए चयनित किया जाता है। 2025 की परीक्षा में 158 पदों के हिसाब से करीब 475 और 2026 की परीक्षा में 156 पदों के लिए करीब 460 अभ्यर्थियों का चयन इंटरव्यू के लिए होगा। बाकी करीब साढ़े 7 हजार अभ्यर्थियों के सामने 2027 की प्रारंभिक परीक्षा में शामिल होने का विकल्प ही बचेगा।
नेगेटिव मार्किंग होने से चुनौती ज्यादा, शासन के आदेश के बाद ही घोषित हो सकेगा रिजल्ट
जानकारों का कहना है कि जिन अभ्यर्थियों ने 2025 या 2026 की प्रारंभिक परीक्षा नहीं दी या प्री ही क्वालीफाई नहीं कर पाए, वे तो कई माह से 2027 की परीक्षा की तैयारी में जुटे हैं, लेकिन मेंस तक पहुंचने वाले अभ्यर्थी अब भी असमंजस में हैं। एक अभ्यर्थी का कहना है कि मुझे 2025 के इंटरव्यू में चयन होने की पूरी उम्मीद है, लेकिन अगर कुछ अंकों से रह गया तो क्या होगा?
2026 की मेंस में मेरा चयन एक-दो नंबर से नहीं हो पाया था। अब दोहरी चुनौती है, क्योंकि 2027 की प्री व 2025 के इंटरव्यू में से किसी एक पर ही ज्यादा फोकस हो पाएगा! नेगेटिव मार्किंग भी शुरू होने से चुनौती ज्यादा बढ़ गई है। वहीं, पीएससी का कहना है कि शासन के अगले आदेश का इंतजार है। उसी के बाद रिजल्ट घोषित हो सकेगा।
■■□■■