पैसों की कमी से नहीं रुकेगी पढ़ाई, सरकार देगी फीस…

उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति योजनाएं

मध्यप्रदेश शासन: शिक्षा का खर्च लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में केंद्र और मप्र सरकार मेधावी, आर्थिक रूप से कमजोर, अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी), अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), दिव्यांग और छात्राओं के लिए कई छात्रवृत्ति योजनाएं चला रही हैं। इनके तहत ट्यूशन फीस, छात्रवृत्ति राशि और अन्य शैक्षणिक सहायता मिलती है। कई छात्र जानकारी के अभाव में लाभ नहीं ले पाते। इसलिए कॉलेज में प्रवेश लेते समय छात्रवृत्ति प्रभारी से जानकारी लें। पात्रता, दस्तावेज और अंतिम तिथि पहले ही जांच लें।

▪️ मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना: प्रदेश के मेधावी छात्रों को इंजीनियरिंग, मेडिकल, लॉ और अन्य उच्च शिक्षा की फीस में सहायता मिलती है। निर्धारित शैक्षणिक योग्यता और आय संबंधी शर्तें पूरी करनी होती हैं।

▪️ पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति: एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के विद्यार्थियों को 11वीं से लेकर उच्च शिक्षा तक पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है।

▪️ गांव की बेटी योजना: ग्रामीण क्षेत्र की मेधावी छात्राओं को उच्च शिक्षा जारी रखने के लिए सहायता प्रदान की जाती है।

▪️ राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल: केंद्र सरकार के राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर विभिन्न मंत्रालयों की दर्जनों छात्रवृत्तियों के लिए एक ही जगह ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।

आवेदन राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल scholarships.gov.in या मध्यप्रदेश छात्रवृत्ति पोर्टल scholarshipportal.mp.nic.in पर किया जा सकता है। इसके लिए आधार, समग्र आईडी (जहां लागू हो), आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), निवास प्रमाण पत्र, पिछली कक्षा की अंकसूची, आधार से लिंक बैंक खाते की पासबुक और पासपोर्ट फोटो जरूरी है। सभी दस्तावेज स्पष्ट अपलोड करें। अंतिम तारीख का इंतजार न करें, आवेदन की रसीद सुरक्षित रखें।

■■□■■

You may also like...