सीधी भर्ती परीक्षा : नायब तहसीलदार के लिए



मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) नायब तहसीलदार बनने के लिए सीमित विभागीय प्रतियोगिता परीक्षा-2026 आयोजित करेगा। राजस्व विभाग में कार्यरत पात्र पटवारी, राजस्व निरीक्षक (RI) और लिपिक वर्गीय सेवा संवर्ग के कर्मचारी इसमें शामिल हो सकेंगे।
ऑनलाइन आवेदन 17 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक किए जा सकेंगे। आवेदन में संशोधन की सुविधा 6 अक्टूबर तक रहेगी। परीक्षा 14 नवंबर से संभावित है। इस परीक्षा के जरिए नायब तहसीलदार के कुल 73 पद भरे जाएंगे। इनमें लिपिक वर्गीय सेवा संवर्ग के 46 और पटवारी-राजस्व निरीक्षक संवर्ग के 27 पद शामिल हैं। परीक्षा भोपाल, इंदौर, जबलपुर और उज्जैन में होगी।
5 साल का अनुभव और स्नातक डिग्री जरूरी
परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी का राजस्व विभाग में किसी लिपिक वर्गीय पद, पटवारी या राजस्व निरीक्षक के रूप में कम से कम 5 साल से स्थायी या स्थानापन्न रूप से काम करने का अनुभव होना जरूरी है। साथ ही मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कला, विज्ञान, वाणिज्य या कृषि में स्नातक उपाधि होना अनिवार्य है।
यदि किसी आवेदक के खिलाफ विभागीय जांच लंबित है या आरोप पत्र जारी किया गया है, पिछले 5 साल के दौरान वार्षिक गोपनीय प्रतिवेदन में कोई प्रतिकूल टिप्पणी की गई है अथवा न्यायालय या किसी प्राधिकारी के समक्ष कोई आपराधिक कार्यवाही लंबित है, तो वह नियुक्ति के लिए पात्र नहीं होगा।

मूल निवासी प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं
यह राजस्व विभाग में वर्तमान में कार्यरत कर्मचारियों के लिए सीमित विभागीय प्रतियोगिता परीक्षा है। इसलिए आवेदकों को मूल निवासी प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं होगी। आवेदन पत्र में उम्मीदवार को अपना एम्प्लॉयी कोड दर्ज करना अनिवार्य होगा।
पहचान पत्र और बायोमेट्रिक सत्यापन जरूरी
परीक्षा के दौरान मूल फोटो पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। इसके लिए मतदाता पहचान पत्र, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड या पासपोर्ट में से किसी एक दस्तावेज का उपयोग किया जा सकेगा। परीक्षा के समय आधार आधारित बहुस्तरीय बायोमेट्रिक सत्यापन भी किया जाएगा।
100 प्रश्न, 2 घंटे का समय
परीक्षा लिखित एवं वस्तुनिष्ठ प्रकार की होगी। प्रश्न पत्र में 100 प्रश्न, 100 अंक और 2 घंटे का समय निर्धारित है। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। विभागीय उम्मीदवारों के लिए परीक्षा शुल्क ₹2,000 तय किया गया है।










+91-94068 22273 
