डिजाइनिंग • IIT बॉम्बे ने जारी किया CEED रिजल्ट, अप्रैल में शुरू होगी प्रवेश प्रक्रिया
IIT बॉम्बे ने कॉमन एंट्रेंस एग्जाम फॉर डिजाइन (CEED) का परिणाम जारी कर दिया है। अब छात्रों के पास विभिन्न IIT, IISc बेंगलुरु और IITDM कांचीपुरम जैसे संस्थानों में प्रवेश का अवसर होगा। इस साल एक नई बात यह है कि IIT गांधीनगर भी अपने डिजाइन के मास्टर प्रोग्राम में CEED स्कोर के आधार पर प्रवेश देगा। छात्रों को उनके व्यक्तिगत स्कोरकार्ड 10 मार्च तक उपलब्ध करा दिए जाएंगे। परीक्षा के स्कोर के आधार पर छात्र डिजाइन से जुड़े पीजी कोर्स जैसे M.Des, Ph.D में प्रवेश ले सकेंगे। डिजाइन के क्षेत्र में करिअर बनाने के लिए छात्रों के पास देश का प्रमुख संस्थान नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन (NID) भी विकल्प के रूप में उपलब्ध है। वहीं IT डिजाइन में बैचलर डिग्री (B.Des) भी प्रदान करते हैं।
देश के 7 NID और 7 IIT में हो रही डिजाइन की पढ़ाई सात NID में 20 से ज्यादा कोर्स
NID देश का प्रमुख डिजाइन संस्थान है। इसके कैंपस अहमदाबाद, बेंगलुरु सहित देश के कुल सात शहरों में स्थित हैं। यहां चार साल के बैचलर प्रोग्राम में 20 से अधिक स्पेशलाइजेशन कोर्स उपलब्ध हैं। इनमें प्रोडक्ट डिजाइन, ग्राफिक डिजाइन, फैशन डिजाइन जैसे कोर्स शामिल हैं। वहीं मास्टर प्रोग्राम में भी 19 से अधिक स्पेशलाइजेशन फील्ड हैं, जिनमें टेक्सटाइल डिजाइन और इंटरैक्शन डिजाइन जैसे कोर्स शामिल हैं।
IIT में इंटीग्रेटेड डिजाइन कोर्स इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) में टेक्नोलॉजी- इंटीग्रेटेड डिजाइन, डिजाइन इंजीनियरिंग और सिस्टम थिंकिंग पर अधिक फोकस किया जाता है। वहीं NID में पूरी तरह से डिजाइन, विजुअल सेंसिटिविटी और डिजाइन थिंकिंग को करिकुलम में शामिल किया गया है। IIT और NID की ब्रांडिंग को देखते हुए डिजाइन पासआउट छात्रों को अधिकतम 30 लाख रुपए तक का पैकेज मिलता है। जानें डिजाइन कोर्स में प्रवेश के लिए तीन प्रमुख प्रवेश परीक्षाएं…
• UCEED: IIT के B. Des में प्रवेश के लिए अंडरग्रेजुएट कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन फॉर डिजाइन (UCEED ) होता है। स्कोर के आधार पर IIT बॉम्बे, दिल्ली, गुवाहाटी, हैदराबाद, रुड़की, इंदौर में प्रवेश मिलता है। किसी भी स्ट्रीम के 12वीं पास छात्र यह परीक्षा दे सकते हैं।
• CEED: IIT बॉम्बे मास्टर ऑफ डिजाइन (M.Des) में प्रवेश के लिए कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन फॉर डिजाइन (CEED) कराता है। इसके आधार पर IIT बॉम्बे, दिल्ली, गुवाहाटी, हैदराबाद, कानपुर, रुड़की, जोधपुर, डीटीयू और IISc बेंगलुरु में प्रवेश मिलता है। 55% अंकों के साथ यूजी पास अनिवार्य है।
• DAT: NID में प्रवेश के लिए डिजाइन एप्टीट्यूट टेस्ट (DAT) होता है। इसका आधार पर B. Des और M. Des में प्रवेश मिलता है। किसी भी स्ट्रीम से 12वीं पास छात्र इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। यह परीक्षा दो चरणों प्रीलिम्स और मेंस में होती है, जिसके बाद फाइनल चयन किया जाता है। ■■■■