यूजीसी नेट(जून) : आवेदन 23 मई तक, 22 से 30 जून तक होगी परीक्षा

अगर आप कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर, जूनियर रिसर्च फेलो (जेआरएफ) या पीएचडी कर रिसर्च में करियर बनाना चाहते हैं,तो यूजीसी नेट परीक्षा पास करना जरूरी है। नेट जून परीक्षा 22 से 30 जून के बीच होगी। इसके लिए 23 मई तक आवेदन कर सकते हैं। तैयारी के दौरान यह समझना जरूरी है कि किस चैप्टर के किस हिस्से से ज्यादा सवाल पूछे जा रहे हैं। सही प्लान और ट्रिक्स से सफलता की संभावना बढ़ सकती है।

300 अंकों के लिए 150 सवाल, इस परीक्षा में कुल 150 सवाल पूछे जाते हैं, जो 300 नंबर के होते हैं। इसमें कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं है। इसमें दो पेपर होते हैं।

• पेपर-1 (जनरल): यह सभी उम्मीदवारों के लिए अनिवार्य होता है। इसमें 50 सवाल पूछे जाते हैं, जो 100 नंबर के होते हैं।

• पेपर-2 (सब्जेक्ट): इसमें 100 सवाल पूछे जाते हैं, जो 200 नंबर के होते हैं। इसके लिए 85+ विषयों के विकल्प उपलब्ध हैं।

छात्र सोचते हैं कि जनरल पेपर (पेपर-1) आसान है और इसे बाद में पढ़ लेंगे, लेकिन यही पेपर टॉपर और सामान्य स्कोर में अंतर तय करता है। इसमें 10 यूनिट्स होती है।
• हायर एजुकेशन और पर्यावरण जैसे टॉपिक्स के लिए शिक्षा, पर्यावरण और टेलीकम्युनिकेशन मंत्रालय के पिछले 6 महीने के ट्विटर और सोशल मीडिया अपडेट पढ़ें। इससे करीब 15 सवाल तैयार हो सकते हैं।

• गणित, लॉजिकल रीजनिंग और डेटा इंटरप्रिटेशन के लिए यूट्यूब की मदद लें। यह हिस्सा फॉर्मूले और ट्रिक्स पर आधारित होता है। कई शिक्षक आसान ट्रिक्स सिखाते हैं, जिन्हें परीक्षा में इस्तेमाल किया जा सकता है।
• टीचिंग एप्टीट्यूड व कम्युनिकेशन आसान टॉपिक हैं।

पेपर-2 (चुना हुआ विषय) आपके पोस्ट ग्रेजुएशन विषय का होता है। इसमें भी 10 यूनिट्स होती है। इसकी तैयारी के लिए बाजार की गाइड बुक्स पर ज्यादा निर्भर न रहें। बेहतर होगा कि ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन की टेक्स्ट बुक्स से पढ़ाई करें और अपने नोट्स बनाएं। इस पेपर में यह समझना जरूरी है कि सवाल किस हिस्से और किस कॉन्सेप्ट से पूछे जा रहे हैं।

• पूरी किताबें पढ़ने की बजाय पिछले सालों के प्रश्नपत्रों की ‘चार ऑप्शन वाली ट्रिक’ अपनाएं।

• पिछले 4 अटेम्पट के पेपर डाउनलोड करें।

• हर पेपर के 100 सवालों में 4 ऑप्शंस होते हैं।

• जब सवाल पढ़ते हैं, तो 3 विकल्पों को छोड़कर सिर्फ 1 सही जवाब तक सीमित न रहें। उन बाकी बचे 3 ऑप्शंस के बारे में भी डिटेल में जानें।

• इस तरह 1 पेपर से करीब 400 टॉपिक्स तैयार हो जाएंगे और 4 साल के पेपर से लगभग 1600 टॉपिक्स कवर हो सकते हैं।

• परीक्षा में हर साल सवाल रिपीट नहीं होते, लेकिन उन्हीं टॉपिक्स से जुड़े सवाल पूछे जाते हैं।


पहली बार डिजिलॉकर आधारित दस्तावेज सत्यापन

राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) ने यूजीसी नेट जून 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 23 मई को सुबह 10 बजे तक कर दी है। इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 20 मई थी। मगर डिजिलॉकर से आवेदन प्रक्रिया में दिक्कतें आ रही थी। एनटीए ने 23 मई तक आवेदन तिथि बढ़ाने का नोटिफिकेशन जारी किया है। वहीं परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि को भी 23 मई रात 11:50 बजे तक बढ़ाया गया है। आवेदन फॉर्म में सुधार की नई तारीखें भी जारी की गई हैं। अब उम्मीदवार 25 मई से 27 मई रात 11:50 बजे तक अपने आवेदन पत्र में संशोधन कर सकेंगे।

■■■■■

You may also like...