IIT-NIT प्रवेश: ऑनलाइन रिपोर्टिंग के लिए इस बार 5 की जगह मिलेंगे 14 दिन, ईवी और सोलर ब्रांच बने छात्रों की पसंद
IIT-NIT प्रवेश: ऑनलाइन रिपोर्टिंग के लिए इस बार 5 की जगह मिलेंगे 14 दिन, ईवी और सोलर ब्रांच बने छात्रों की पसंद
जोसा काउंसिलिंग • सीबीएसई विवाद के चलते रिपोर्टिंग के लिए मिला तीन गुना समय
देश के 138 शीर्ष इंजीनियरिंग संस्थानों की 66 हजार से अधिक सीटों पर प्रवेश के लिए जोसा काउंसिलिंग पहले चरण में पहुंच गई है। 11 जून शाम 5 बजे चॉइस लॉकिंग पूरी होने के बाद अब छात्रों को पहले राउंड के सीट आवंटन का इंतजार है। पहला आवंटन 13 जून सुबह 10 बजे जारी होगा।
सीबीएसई बोर्ड के पुनर्मूल्यांकन और पुनर्गणना विवाद को देखते हुए इस बार रिपोर्टिंग के लिए अधिक समय दिया गया है। जोसा काउंसिलिंग में सबसे अधिक छात्र सीबीएसई बोर्ड से होते हैं। इसलिए पहले राउंड के बाद ऑनलाइन रिपोर्टिंग की अवधि बढ़ाई गई है। पिछले वर्ष तक रिपोर्टिंग के लिए अधिकतम 5 दिन मिलते थे। इस बार 14 दिन का समय दिया गया है।
ट्रेंड: पारंपरिक ब्रांच के साथ मॉडर्न ब्रांच की डिमांड
मॉक-2 अलॉटमेंट के नतीजों से एक नया ट्रेंड सामने आया है। आईआईटी और एनआईटी में प्रवेश चाहने वाले लगभग सभी छात्रों ने इस बार पारंपरिक कोर ब्रांच के साथ-साथ सेमीकंडक्टर, सोलर पैनल इंडस्ट्री और इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ी ब्रांच जैसे इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल और इंजीनियरिंग फिजिक्स को अपनी पहली प्राथमिकता बनाया है।

2 लाख स्टूडेंट्स ने भरे 2.70 करोड़ से ज्यादा विकल्प
चॉइस भरने को लेकर छात्रों में भारी उत्साह देखा गया। जहां मॉक-1 में 1 लाख 68 हजार 615 स्टूडेंट्स शामिल थे, वहीं मॉक-2 तक 30 हजार 329 की बढ़ोतरी के साथ यह संख्या 1 लाख 99 हजार 944 हो गई। इन छात्रों ने कुल 2 करोड़ 70 लाख 52 हजार 999 कॉलेज और ब्रांच के विकल्प भरे हैं। जिन छात्रों ने तय समय यानी 11 जून तक अपनी चॉइस लॉक नहीं की थी, उनकी अंतिम सेव की गई चॉइस ऑटो-लॉक हो गई है।













+91-94068 22273 
