IIT में दाखिले के चार नए रास्ते
by
Exam Guider
·
June 19, 2026
आईआईटी में दाखिले के चार नए रास्ते: स्पोर्ट्स, आर्ट्स, ओलंपियाड और कई नए कोर्स.
IIT कानपुर में बी.साइबर का एक नया कोर्स शुरू
इस साल देश के कई प्रमुख इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) ने सिर्फ जेईई एडवांस्ड के अंकों पर प्रवेश देने की परंपरा में बदलाव किया है। अब खेल, संगीत, कला और अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड में अच्छा प्रदर्शन करने वाले छात्रों के लिए भी आईआईटी में अलग से सीटें हैं। इसके साथ ही डिजाइनिंग, साइबर सिक्योरिटी और रिसर्च जैसे क्षेत्रों में रुचि रखने वालों के लिए भी बिना जेईई एडवांस्ड के प्रवेश के नए विकल्प आए हैं।
IIT डायरेक्टर्स का मानना है कि जेईई परीक्षा अकादमिक क्षमता को परखती है। जो 12वीं के बाद IIT नहीं पहुंच पाते, उनके लिए भी रास्ते बंद नहीं होते। यूजी के बाद गेट, जैम और कैट जैसी परीक्षाओं के जरिए IIT में उच्च शिक्षा हासिल करने के अवसर उपलब्ध रहते हैं।
1. खेल के चैंपियंस के लिए ‘स्पोर्ट्स कोटा’
• IIT में पहली बार स्पोर्ट्स को अहमियत मिल रही है। हालांकि, इसके लिए जेईई एडवांस्ड जरूरी है।
• कौन से IIT देंगे एडमिशन: IIT मद्रास, IIT इंदौर, IIT खड़गपुर, IIT मंडी और IIT रुड़की।
• किसे मिलेगा मौका:
जिन छात्रों ने पिछले 4 सालों में इंटरनेशनल या नेशनल लेवल (जैसे ओलंपिक्स, खेलो इंडिया) में मेडल जीता हो या देश का प्रतिनिधित्व किया हो।
• सीटें:
IIT मद्रास और खड़गपुर हर ब्रांच में 2 एक्स्ट्रा सीटें दे रहे हैं। इंदौर, मंडी, रुड़की हर ब्रांच में 1 सीट एक्स्ट्रा देंगे।
2. इंटरनेशनल साइंस या मैथ्स ओलंपियाड
• ओलंपियाड कोटा:
इंटरनेशनल साइंस या मैथ्स ओलंपियाड में हिस्सा लेने वाले छात्र IIT खड़गपुर, मद्रास, मंडी, बॉम्बे, गांधीनगर और कानपुर में बिना जेईई एडवांस्ड प्रवेश पा सकते हैं।
• IIT कानपुर का विशेष प्रवेश:
ओलंपियाड अचीवर्स को बीटेक और बीएस कोर्स में दाखिला मिलेगा। इसके लिए 24 जून को कैंपस में 3 घंटे का सीबीटी (कंप्यूटर आधारित टेस्ट) देना होगा।
• सीटें:
यहां सभी आईआईटी हर डिपार्टमेंट में 1 अतिरिक्त सीट रिजर्व है। ये सीटें सामान्य सीट से अलग है।
3. राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय कलाकारों के लिए विशेष कोटा
• संगीत, डांस, थिएटर, फाइन आर्ट्स या सांस्कृतिक धरोहर संरक्षण में राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकार को IIT विशेष कोटे के तहत प्रवेश का मौका देगा।
• इसके लिए जेईई एडवांस्ड का न्यूनतम कट-ऑफ पार करना होगा। सीट का फैसला रैंक नहीं, बल्कि आपके सर्टिफिकेट, पोर्टफोलियो और इंटरव्यू के आधार पर होगा।
• कहां मिलेगा मौका:
IIT मद्रास और IIT मंडी ने इस साल से ये प्रवेश प्रक्रिया शुरू की है। हर ब्रांच में 1 सीट रिजर्व है।
4. IISER और UCEED
• साइबर सिक्योरिटी (बी.साइबर):
IIT कानपुर ने 2026-27 से एक नया कोर्स शुरू किया है। एडमिशन जेईई मेन स्कोर और हैकाथॉन से होगा।
• रिसर्च प्रोग्राम:
विज्ञान में रुचि रखने वाले IISER एप्टीट्यूड टेस्ट (आईएटी) देकर IIT मद्रास और गुवाहाटी में प्रवेश पा सकते हैं।
• डिजाइनिंग (बी.डिजाइन):
UCEED के जरिए IIT बॉम्बे, दिल्ली, रुड़की आदि में एडमिशन।
• ऑनलाइन डिग्री:
IIT मद्रास, गुवाहाटी, जोधपुर, पटना से डेटा साइंस, एआई, बीबीए की डिग्री। जेईई जरूरी नहीं।
■■●■■