नीट(दोबारा परीक्षा): बायोलॉजी के प्रश्न आसान थे, केमिस्ट्री मध्यम, फिजिक्स के लंबे प्रश्नों ने थोड़ा उलझाया
सरल पेपर से मेरिट बढ़ेगी, सरकारी मेडिकल सीट के लिए सामान्य में कटऑफ 590 अंक तक जा सकता है, ओबीसी के लिए 540 अंक
मेडिकल में प्रवेश की सबसे बड़ी परीक्षा नीट-यूजी 2026 की दोबारा परीक्षा रविवार को हुई। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद बाहर निकले अधिकांश विद्यार्थियों के चेहरे संतोष से भरे नजर आए। छात्रों का कहना था कि इस बार का पेपर संतुलित था। बायोलॉजी के प्रश्न आसान थे, जबकि केमिस्ट्री का स्तर मध्यम रहा। फिजिक्स अपेक्षाकृत लंबा और पिछले 3 मई को हुई परीक्षा की तुलना में थोड़ा कठिन महसूस हुआ। कुल मिलाकर पेपर छात्रों की उम्मीदों के अनुरूप रहा।
विषय विशेषज्ञों के अनुसार इस बार प्रश्नपत्र पिछले कुछ वर्षों की तुलना में अधिक सरल रहा। बायोलॉजी और केमिस्ट्री में ऐसे प्रश्न पूछे गए जिन्हें एनसीईआरटी आधारित तैयारी करने वाले छात्र आसानी से हल कर सकते थे। कथन-कारण और विवरण आधारित प्रश्न कम थे, जबकि सिंगल ऑप्शन वाले प्रश्न अधिक रहे। इससे छात्रों को प्रश्नों को समझने और उत्तर चुनने में कम परेशानी हुई। फिजिक्स के सवाल मॉडरेट स्तर के थे।
जिन विद्यार्थियों ने एनसीईआरटी पर आधारित तैयारी की और परीक्षा से पहले मिले अतिरिक्त डेढ़ महीने के समय का उपयोग रिवीजन में किया, उन्हें निश्चित रूप से फायदा मिला होगा। आसान प्रश्नों और स्पष्ट विकल्पों के कारण अच्छे अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों की संख्या बढ़ सकती है। छात्रों के अच्छे प्रदर्शन की संभावना को देखते हुए इस बार मेडिकल कॉलेजों की सीटों के लिए प्रतिस्पर्धा कड़ी होने के संकेत है।
पेपर लीक प्रकरण के बाद दोबारा परीक्षा को लेकर छात्रों पर मानसिक दबाव था। पिछले वर्ष कठिन प्रश्नपत्र और उससे जुड़ी तनावपूर्ण परिस्थितियों के कारण कई दुखद घटनाएं भी सामने आई थीं। ऐसे में इस बार प्रश्नपत्र अपेक्षाकृत संतुलित और छात्र-हितैषी रखा गया। उद्देश्य यह था कि विद्यार्थियों की वास्तविक तैयारी का मूल्यांकन हो, न कि उन्हें अनावश्यक कठिनाई और मानसिक तनाव का सामना करना पड़े।
पेपर अपेक्षाकृत आसान होने के कारण इस बार मेरिट ऊंची जा सकती है। सरकारी मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए कटऑफ अंक बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
अनुमानित कट-ऑफ
अनुमान है कि जनरल वर्ग में करीब 590 अंक, ओबीसी में 582 अंक, ईडब्ल्यूएस में 540 अंक, एसटी वर्ग में 470 अंक और एससी वर्ग में लगभग 340 अंक तक कटऑफ पहुंच सकता है। पिछले कुछ वर्षों से पेपर इस बार अच्छा रहा।


■■●■■












+91-94068 22273 
