2027 में दो बार होगी एमपीपीएससी राज्य सेवा परीक्षा, विभागों से मांगा खाली पदों का ब्योरा
by
Exam Guider
·
November 12, 2026
2027 में दो बार होगी एमपीपीएससी राज्य सेवा परीक्षा, विभागों से मांगा खाली पदों का ब्योरा
मप्र लोकसेवा आयोग (एमपी पीएससी) के माध्यम से वर्ष 2027 में दो बार राज्य सेवा परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसी सिलसिले में सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने गुरुवार नवंबर को मंत्रालय (वल्लभ भवन) में एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है।
बैठक की अध्यक्षता जीएडी के अपर मुख्य सचिव करेंगे। बैठक के लिए जीएडी ने सभी विभागों को राज्य सेवा परीक्षा 2027 के लिए अपने रिक्त पदों की विस्तृत जानकारी और भर्ती के मांगपत्र ऑनलाइन माध्यम से भेजने की अद्यतन वस्तुस्थिति के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए संबंधित विभागों के उप सचिव या अधिकृत अधिकारियों को बैठक में बुलाया गया है।
बैठक में विभागों में खाली पदों की स्थिति, नए मांगपत्रों और ऑनलाइन प्रक्रिया की तकनीकी प्रगति की समीक्षा होगी। इसके आधार पर आयोग को समय रहते मांगपत्र भेजे जाएंगे।
इन प्रमुख संवर्गों के पदों पर भर्ती की होगी तैयारी
एमपीपीएससी द्वारा राज्य सेवा परीक्षा व अन्य परीक्षाओं के माध्यम से विभिन्न विभागों में राजपत्रित और कार्यपालिक पदों पर नियुक्तियां की जाती हैं। इसके लिए जो जानकारी बुलवाई गई है, उसमें प्रशासनिक व पुलिस के लिए डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी, और नायब तहसीलदार के पदों की जानकारी मांगी गई है। राजस्व एवं कर के तहत जिला रजिस्ट्रार, जिला आबकारी अधिकारी, वाणिज्यिक कर अधिकारी, और उप पंजीयक के पदों की जानकारी मांगी गई है। वित्त, लेखा व नगरीय विकास के लिए राज्य लेखा सेवा अधिकारी, लेखा अधिकारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, जनपद पंचायत सीईओ और विकासखंड अधिकारी की जानकारी मांगी गई है। श्रम, जनसंपर्क व सहकारिता के लिए सहायक पंजीयक, श्रम अधिकारी, रोजगार अधिकारी और जनसंपर्क अधिकारी के पदों की जानकारी मांगी गई है।
2019 से शुरू हुआ देरी का सिलसिला अब भी जारी
राज्य सेवा परीक्षा-2025: दिसंबर में होंगे दो साल, चयन सूची नहीं आएगी
मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की 2025 व 26 की राज्य सेवा परीक्षा की सूची इस साल नहीं आ पाएगी। 2019 के बाद पहली बार राज्य सेवा परीक्षा का जो शेड्यूल और सिस्टम पटरी पर आने की संभावना थी, वह खत्म हो गई है।
2025 की राज्य सेवा परीक्षा की अधिसूचना 31 दिसंबर 2024 की आई थी। इस लिहाज से इस साल 30 दिसंबर को दो साल पूरे हो जाएंगे, लेकिन इस दिन तक भी सिलेक्शन लिस्ट नहीं आ पाएगी, क्योंकि अभी तो मुख्य परीक्षा का ही परिणाम अटका हुआ है। ओबीसी आरक्षण पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले या निर्देश के बाद ही रिजल्ट जारी होगा। इसमें भी एक माह या उससे ज्यादा समय लगेगा।
मूल्यांकन पूरा हो चुका, रिजल्ट होल्ड पर
2025 का मूल्यांकन पूरा हो चुका है। यह परीक्षा 7 से 12 अगस्त के बीच हो चुकी है। तीन माह का समय बीत चुका है। चूंकि पीएससी सितंबर 2022 के बाद से सभी रिजल्ट 87-13 के फॉर्मूले से घोषित कर रहा था, लेकिन कोर्ट ने ओबीसी आरक्षण 14 से 27 फीसदी किए जाने के निर्णय को खारिज कर दिया था। पीएससी को अब या तो उसे सौ फीसदी रिजल्ट जारी करना होगा या फिर शासन के सुप्रीम कोर्ट जाने और बाद की परिस्थिति में नया फॉर्मूला तैयार करने तक इंतजार करना होगा।
2019 से लेकर अब तक सारी चयन सूची देरी से
राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 पहले ही सवा साल देरी से हुई थी। तय समय के अनुसार इसे 9 से 12 जून 2025 तक होना था, लेकिन यह 7 से 12 अगस्त 2026 में हो पाई। कोर्ट द्वारा प्री परीक्षा के रिजल्ट पर सुनवाई व मुख्य परीक्षा पर रोक के चलते यह स्थिति बनी थी। कोर्ट ने इसी साल जून में मुख्य परीक्षा की अनुमति दी थी। 2019 से 2023 तक की चयन सूची औसत दो साल देरी से आई। सिर्फ 2024 की चयन सूची 9 माह देरी से आई। 2025 की चयन सूची अब तक नहीं आ सकी है।
■■□■■