कौन हैं संध्या, जिनका नाम शीर्ष 2% वैज्ञानिकों में है ?
बैंगलुरु की डॉ. संध्या शेनॉय ने दुनिया के सामने भारत का नाम एक बार फिर रोशन किया है। स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी द्वारा जारी की गई सांइस-वाइड ऑर्थर डाटाबेसेस ऑफ सेंट्रलाइज्ड साइटेशन इंडीकेटर्स रिपोर्ट में उन्हें दुनिया के शीर्ष 2% वैज्ञानिकों की सूची में जगह मिली है। खास बात यह है कि डॉ. शेनॉय लगातर तीसरे साल इस प्रतिष्ठित रैकिंग में शामिल हुई हैं। डॉ. संध्या शेनॉय, श्रीनिवास यूनिवर्सिटी (मुक्का, मेंगलुरु) के इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेकनोलॉजी में प्रोफेसर और प्रिंसिपल रिसर्च साइंटिस्ट हैं। उनका शोध क्षेत्र थर्मोइलेक्ट्रिक और एनर्जी मटेरियल्स है। यानी ऐसा विज्ञान जो बेकार निकलने वाली उर्जा (हीट वेस्ट) को बिजली में बदल सकता है।
हजारों वैज्ञानिक संदर्भों में नाम
डॉ. संध्या के नाम अब तक 67 से अधिक अंतरराष्ट्रीय शोध प्रकाशन हैं और हजारों वैज्ञानिक संदर्भ उनके काम की गहराई और प्रासंगिकता को दर्शाते हैं। डॉ. शेनॉय ने मेंगलुरु यूनिवर्सिर्टी से बीएससी, एनआईटी कर्नाटक से एमएससी (केमिस्ट्री) और 2013 में पीएचडी पूरी की। इसके बाद उन्होंने जवाहरलाल नेहरू सेंटर फार एडवांस्ड साइंटिफिक रिसर्च में पोस्ट डॉक्टोरल फैकल्टी के रूप में कई राष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स का रिसर्च किया।