MPPSC: अहम परीक्षाओं में इस बार अधिकतम पद आएंगे

एमपी पीएससी की बड़ी परीक्षाओं में लगातार कम पद दिए जाने का सिलसिला इस बार थम जाएगा। नवंबर, दिसंबर में जो वैकेंसी आएंगी, उनमें अधिकतम पद दिए जाएंगे। शासन स्तर पर इस पर काम शुरू हो गया है। खास तौर पर राज्य सेवा परीक्षा, वन सेवा, स्टेट इंजीनियरिंग सर्विस भर्ती, मेडिकल ऑफिसर, एडीपीओ, फूड सेफ्टी ऑफिसर, असिस्टेंट मैनेजर जैसी परीक्षाओं में पदों की संख्या अधिकतम रहेगी।

बताते हैं कि शासन ने हाल ही में पीएससी की एडीपीओ भर्ती परीक्षा में 90 पद बढ़ाकर इसके संकेत दे दिए थे। पीएससी की सबसे बड़ी परीक्षा राज्य एवं वन सेवा में भी इस बार न्यूनतम 200 से ज्यादा पद आएंगे। यह संख्या कई ज्यादा भी हो सकती है। स्टेट इंजीनियरिंग में भी पदों की संख्या 100 से ज्यादा रहेगी। पीएससी की सबसे बड़ी व महत्वपूर्ण राज्य सेवा परीक्षा में पिछले तीन साल में सिर्फ 424 पद दिए गए, जबकि सामान्य तौर पर इतने पद सिर्फ एक वर्ष की परीक्षा में दिए जाते हैं। इसी तरह स्टेट इंजीनियरिंग की हालत तो पिछले चार सालों में और खराब रही। सिर्फ 2021 में 400 से ज्यादा पद आए थे। पीएससी की वन सेवा परीक्षा 2026 में सिर्फ 30 पद दिए गए। उनमें भी जनरल कैटेगरी का एक भी पद नहीं है। उससे पहले भी संख्या इसके आसपास ही रही।

राज्य शासन ने पीएससी की परीक्षाओं में 2025 के अंत से लेकर अब तक कई एग्जाम में पदों की संख्या को लेकर अहम निर्णय लिए। जिस एडीपीओ भर्ती परीक्षा की वैकेंसी 11 साल में सिर्फ दो बार आई। उसमें हाल ही में 17 से बढ़ाकर सीधे 90 पद कर दिए गए। इससे पहले मेडिकल ऑफिसर भर्ती में 890 पदों को बढ़ाकर सीधे 1800 कर दिया गया था। यही नहीं फीड सेफ्टी ऑफिसर भर्ती परीक्षा के 67 पदों को बढ़ाकर सीधे 123 किया गया था।

पीएससी 25 से 31 दिसंबर के बीच सबसे ज्यादा विज्ञापन जारी करेगा। राज्य सेवा और स्टेट इंजीनियरिंग जैसी बड़ी परीक्षाओं के विज्ञापन 30 दिसंबर तक जारी होंगे। साल के अंत में विज्ञापन जारी करने के पीछे एक बड़ा कारण यह है कि ज्यादा से ज्यादा पद जुड़ सकेंगे।

■■□■■

You may also like...