एक वक्त पर दो परीक्षाएं; ईएसबी के शेड्यूल ने युवाओं को संकट में डाला
एक वक्त पर दो परीक्षाएं; ईएसबी के शेड्यूल ने युवाओं को संकट में डाला
हजारों अभ्यर्थियों का पहले ये इम्तिहान : किसी एक परीक्षा को छोड़ना पड़ेगा
13757 पदों के लिए आईबीपीएस ने दो माह पहले घोषित की थी 21 नवंबर की तारीख, इसी दिन एएसआई की भी परीक्षा
मप्र कर्मचारी चयन मंडल (एमपी ईएसबी) के शेड्यूल ने हजारों युवाओं को संकट में डाल दिया है। वो ऐसे कि इंस्टिट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनल सर्विसेज (आईबीपीएस) ग्रामीण बैंक प्रोबेशनरी ऑफिसर के 13 हजार 757 पदों (इनमें चार हजार बैंक अधिकारी के) के लिए 21 नवंबर को परीक्षा लेगा। इसके लिए उसने पहले ही विज्ञापन जारी कर दिया था। वहीं ईएसबी भी एएसआई (असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर) के 656 पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा आयोजित करेगा। दोनों परीक्षाओं का समय भी सुबह 10 बजे है। ऐसे में दोनों भर्ती परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के सामने सवाल खड़ा हो रहा है कि वे किसमें शामिल हों। तारीखें अलग-अलग होतीं तो उन्हें दो विकल्प मिल जाते।
परीक्षार्थी इंदौर के, सेंटर दे दिया 800 किलोमीटर दूर सीधी का
कुछ परीक्षार्थियों का कहना है कि उनके परीक्षा केंद्र भी सैकड़ों किमी दूर के शहरों में दिए गए हैं। उदाहरण के लिए इंदौर के परीक्षार्थियों को सीधी का सेंटर दिया गया है, जो करीब 800 किमी दूर है। इसके लिए उन्हें एक दिन पहले सीधी के लिए निकलना पड़ेगा। आने-जाने और ठहरने का खर्च परीक्षा फीस से भी कई गुना अधिक होगा। जबकि फॉर्म जमा करते समय उनसे नजदीकी सेंटर (शहर) के तीन विकल्प पूछे जाते हैं। उम्मीदवार का कहना है कि बड़े शहरों में आवेदन अधिक आने पर वहां उपलब्ध संस्थानों में परीक्षा आयोजित की जा सकती है। यदि फिर भी दिक्कत हो तो नजदीकी शहर में सेंटर दिया जाना चाहिए, ताकि अभ्यर्थी सुबह जाकर शाम को लौट सकें और उन्हें होटल में ठहरने के खर्च तथा सफर की थकान से राहत मिले। 7,500 कांस्टेबल की भर्ती का मामला अधर में ईएसबी के घोषित कैलेंडर के हिसाब से कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 19 नवंबर से शुरू होना थी लेकिन अब तक इसकी तारीख घोषित नहीं की गई है। कांस्टेबल के 7,500 पदों पर भर्ती होना है। ईएसबी अपनी परीक्षाओं की विज्ञप्ति जारी करने के साथ ही उनका माहवार संभावित कैलेंडर भी जारी करता है। कभी-कभी संभावित तारीख भी घोषित कर दी जाती है। कांस्टेबल भर्ती के लिए प्रदेश में करीब डेढ़ लाख बेरोजगार युवाओं ने आवेदन किए हैं।
एएसआई परीक्षा के लिए 36 हजार से अधिक युवाओं ने फॉर्म भरे हैं। सामान्य उम्मीदवारों के लिए फॉर्म जमा करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर थी लेकिन कोर्ट केस वाले उम्मीदवारों को 16 नवंबर तक आवेदन करने की मियाद मिली थी। यानी अंतिम तारीख के दो दिन बाद 18 नवंबर को परीक्षा की तारीख घोषित की गई। दूसरी ओर आईबीपीएस ने अपनी भर्ती परीक्षा के लिए दो महीने पहले ही आवेदन जमा करवाए थे। परीक्षा की तारीख और समय भी उसी दौरान तय किए गए थे। ईएसबी ने तारीख घोषित करने से पहले प्रदेश में होने वाली इस बड़ी चयन परीक्षा का कैलेंडर नहीं देखा। बैंक परीक्षा के लिए दो लाख से अधिक युवाओं ने आवेदन किए हैं। इनमें अधिकांश ने दोनों परीक्षाओं के लिए फॉर्म भरे हैं।
युवा बोले : दिन-रात तैयारी की, अब पैसा और मेहनत बर्बाद… राज मेलाने, संदीप जोशी, रचना म्हात्रे व अन्य अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने दोनों परीक्षाओं की फीस भरने के साथ अलग-अलग कोचिंग भी की। दिन-रात पढ़ाई कर परीक्षाओं का इंतजार किया था। उन्हें उम्मीद थी कि किसी एक परीक्षा में तो उनका चयन हो ही जाएगा लेकिन शेड्यूल को लेकर ईएसबी की अनदेखी के कारण उनका पैसा और मेहनत बर्बाद हो जाएगी। उनका कहना है कि बेरोजगार युवाओं के लिए फीस जमा करने के बाद परीक्षा भी नहीं दे पाना किसी त्रासदी से कम नहीं है।
अब तारीख बदलना मुश्किल… परीक्षा की तारीख तय होने के साथ ही उसके आयोजन के सभी इंतजाम कर लिए जाते हैं। इसलिए 21 तारीख को होने वाली एएसआई परीक्षा की तारीख बदलना संभव नहीं है। वैसे भी किसी अन्य परीक्षा के लिए ईएसबी में अपनी तारीख बदलने का नियम नहीं है।
महेश पांडेय, परीक्षा नियंत्रक, ईएसबी









+91-94068 22273 
